Last Updated on September 9, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह/तिसरी। एचएनसी कंस्ट्रक्शन कम्पनी के मुंशी मंजेश कुमार (42 वर्ष) के सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले का गिरिडीह पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत मुंशी का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया।
काम में दखल और डीजल खर्च के विवाद में हुई हत्या
पुलिस अनुसंधान और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात की मुख्य वजह कंपनी के अंदरूनी विवाद की रंजिश थी।
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच एक-दूसरे के काम में दखल देने तथा डीजल व अन्य खर्चों के हिसाब-किताब को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इसी विवाद के चलते प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी ने पिंटू कुमार यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मुंशी के अपहरण और हत्या की खौफनाक साजिश रची।

बाधमारी मोड़ से हुआ था अपहरण
घटना 06 सितंबर 2026 की है, जब तिसरी थाना अंतर्गत ग्राम खटपोंक स्थित बाधमारी मोड़ के पास से मंजेश कुमार (पिता- जनार्दन सिंह, निवासी- नंदपुर, सूरजगढा, लखीसराय, बिहार) का अपहरण कर लिया गया था।
मामले में मृतक के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या-77/26 (धारा 140(1)/61 भारतीय न्याय संहिता) दर्ज किया गया था।
एसपी ने बनाई SIT, 48 घंटे में मिला परिणाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने तकनीकी और सूचना तंत्र के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- इम्तियाज अंसारी (39 वर्ष), पिता- हररोज मियां (सा० खिजुरिया, थाना- सोनारायढाडी, जिला- देवघर)
- शिव कुमार (30 वर्ष), पिता- राम नरेश सहनी (सा० सघनपुरा, थाना- कथैया, जिला- मुजफ्फरपुर, बिहार)
- पिन्टु कुमार यादव (30 वर्ष), पिता- किशुन यादव (सा० भोगताडीह, थाना- तिसरी, जिला- गिरिडीह)
- राजेश कुमार सिंह (24 वर्ष), पिता- विजय सिंह (सा० नावागढचट्टी, थाना- धनवार, जिला- गिरिडीह)
बरामदगी
- मोटरसाइकिल: 01 (घटना में प्रयुक्त)
- आला-ए-कत्ल: खून से सना पत्थर एवं सखुआ का डंडा
- अन्य: 03 मोबाइल फोन
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी व बल
सफल कार्रवाई करने वाली एसआईटी टीम में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार, गावां अंचल (कैम्प-तिसरी) के पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार महतो, तिसरी थाना प्रभारी शम्भू नन्द ईश्वर, घोडथन्भा ओ०पी० प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार, राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, सतीश कुमार (गावां थाना), रिशु कुमार सिन्हा (देवरी थाना), आरक्षी शशिकांत कुशवाहा, तकनीकी शाखा के जोधन कुमार और तिसरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




