Last Updated on September 9, 2026 by Gopi Krishna Verma
छात्र के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने की कार्रवाई

गिरिडीह। गिरिडीह में सोशल मीडिया पर एक युवक की कथित पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता और पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. विमल कुमार ने त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से ‘लाइन क्लोज’ (पुलिस लाइन स्थानांतरित) कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 7 तारीख की रात नगर थाना परिसर में एक युवक के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे, जिसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक स्तर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के खिलाफ यह दंडात्मक कदम उठाया है।
हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रहा युवक कौन है और घटना के पीछे के वास्तविक तथ्य क्या हैं, इसकी विस्तृत जांच अभी जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। थाना प्रभारी पर हुई इस त्वरित गाज के बाद से गिरिडीह पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।




