सरिया: कुसमाडीह में SIR सुनवाई में बीडीओ को बंधक बनाए जाने के मामले में राज्य निर्वाचन आयोग सख्त, दो पंचायतों के लोगों को अब लगाना होगा प्रखंड कार्यालय का चक्कर
Last Updated on September 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
विडीयो बनाने के दौरान बीडीओ पर लगा था एक युवक पर थप्पड़ जड़ने का आरोप

गिरिडीह। सरिया प्रखंड की कुसमाडीह पंचायत में स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) की सुनवाई के दौरान अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना को प्रशासन और चुनाव आयोग ने बेहद गंभीरता से लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचकी पदाधिकारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सरिया के निर्वाचकी पदाधिकारी सह एसडीएम से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
शुक्रवार को सरिया अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम संतोष गुप्ता, एसडीपीओ धनंजय राम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें पूरे मामले की समीक्षा की गई और आगे की कार्रवाई तथा सुनवाई प्रक्रिया को लेकर नई रणनीति तैयार की गई।

5 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही थी सुनवाई
एसडीएम संतोष गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को कुसमाडीह पंचायत भवन में SIR सुनवाई के दौरान एक ग्रामीण युवक द्वारा की जा रही रिकॉर्डिंग को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को लगभग पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस घटना के कारण मतदाता सूची संशोधन (SIR) की आधिकारिक प्रक्रिया पांच घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह बाधित रही।
घटना की सूचना मिलते ही पहले सरिया इंस्पेक्टर व थानेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद एसडीएम और एसडीपीओ खुद पंचायत भवन पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बीडीओ को सुरक्षित मुक्त कराया।
अधिकारियों का सख्त रुख: होगी न्यायिक कार्रवाई
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सरकारी और न्यायिक प्रक्रिया में इस प्रकार का व्यवधान डालना एक गंभीर अपराध है।
- कानूनी कदम: राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ आवश्यक न्यायिक व कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
- शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance): प्रशासनिक अधिकारियों ने दोहराया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संचालित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की अराजकता या व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कुसमाडीह और चिरुवां के लोगों को अब जाना होगा प्रखंड कार्यालय
घटना के बाद सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से प्रक्रिया के नियमों में बदलाव किया गया है। एसडीएम ने कहा कि कुसमाडीह में घटी घटना के बाद अब अधिकारियों का उस क्षेत्र में जाकर सुनवाई करना उचित नहीं होगा।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (सीओ), सरिया ने ज्ञापांक 830/2026 के तहत आधिकारिक आदेश जारी किया है:
- नया स्थान: कुसमाडीह और चिरुवां पंचायत के ग्रामीणों को अब SIR सुनवाई के लिए प्रखंड कार्यालय सरिया आना होगा।
- तिथियां: इन दोनों पंचायतों के मतदाताओं को नोटिस जारी कर 5 सितंबर से 11 सितंबर तक सरिया प्रखंड कार्यालय बुलाया जाएगा।
- प्रक्रिया: प्रखंड कार्यालय में ही उनके आवश्यक दस्तावेजों की जांच और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने की सुनवाई पूरी की जाएगी।
