Last Updated on August 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। खान एवं खनिज अधिनियम 2026 यानी MMDR संशोधन बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को झामुमो जिला कमिटी के नेतृत्व में गिरिडीह के टावर चौक स्थित पुराने नगर निगम परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इससे पहले पार्टी कार्यालय से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में टावर चौक पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में MMDR संशोधन बिल से संबंधित तख्तियां नजर आईं। धरना स्थल पर आयोजित सभा में झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के अधिकारों और खनिज संसाधनों पर राज्य के हितों को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए जमकर हुंकार भरी।सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन से झारखंड की वित्तीय और विधायी स्वायत्तता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।


खनिज वहन भूमि उपकर को नई रॉयल्टी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह खनिजयुक्त भूमि पर लगाया जाने वाला उपकर है।उन्होंने कहा कि जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले के बाद झारखंड विधानसभा ने JMBL Cess अधिनियम पारित किया था।
वहीं, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि प्रस्तावित MMDR संशोधन लागू होने से राज्य के अधिकारों और वित्तीय हितों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि राज्य के खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकार और राजस्व प्रभावित हुए तो खनन प्रभावित क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं पर भी इसका असर पड़ेगा।
झामुमो के वरीय उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने कहा कि पार्टी जनहित और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए इस मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि झामुमो प्राकृतिक संसाधनों और राज्य के संवैधानिक अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।
झामुमो ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित संशोधन पर राज्य के हितों और संवैधानिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, पूर्व विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, कृष्ण मुरारी शर्मा, कालेश्वर सोरेन, प्रधान मुर्मू, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, दारा हाजरा, राकेश रंजन, प्रमिला कुमारी, उषा देवी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।




