Last Updated on August 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। थाना क्षेत्र की एक महिला ने अलग-अलग मामलों को लेकर थाना में दो आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। एक आवेदन में महिला ने शादी का झांसा देकर करीब छह माह तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे आवेदन में पति, सास-ससुर समेत अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने के प्रयास सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पहले आवेदन में धर्मपुर पंचायत निवासी करीब 30 वर्षीय महिला ने दुम्मा गांव के बारोटांड़ टोला निवासी चन्द्रशेखर प्रसाद वर्मा पर करीब छह माह तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, 27 जून 2026 को आरोपी उसे ससुराल से बहला-फुसलाकर गिरिडीह ले गया। वहां शादी का झांसा देकर शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए और रातभर अपने साथ रखा गया। महिला का आरोप है कि 28 जून की रात करीब 8:30 बजे उसे बारासोली में छोड़कर आरोपी फरार हो गया।

दूसरे आवेदन में महिला ने अपने पति बिनोद वर्मा, सास कलावती देवी, ससुर जयनाथ महतो समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, पति द्वारा कथित तौर पर 1.50 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जा रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि 26 जून की रात पैसे लाने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया।
महिला ने आगे आरोप लगाया कि 27 जून को उसे कमरे में बंद कर पति, सास और ससुर ने पैसे लाने का दबाव बनाया तथा तकिया से मुंह दबाने का प्रयास किया। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ मायके चली गई।आवेदन में महिला ने बताया कि 17 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी बेटी के साथ ससुराल पहुंची, जहां उसकी सास ने उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके नाक और कान से खून निकल आया। इसके बाद उसने कुछ लोगों पर उसके साथ मारपीट करने, जबरन अभद्र व्यवहार करने का प्रयास करने और जान से मारने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, घटना के दौरान उसकी बेटी भी मौके पर मौजूद थी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके पास मौजूद करीब 700 रुपये और चांदी का लॉकेट ले लिया गया। किसी तरह वहां से निकलकर वह रात करीब 11:30 बजे अपने मामा के घर पहुंची।
दोनों आवेदनों के माध्यम से महिला ने जमुआ पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। महिला का कहना है कि वह न्याय और सुरक्षा चाहती है। और वहीं इस पूरे मामले को लेकर जमुआ थाना प्रभारी ने कहा है कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।




