Last Updated on July 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
सहदेव वर्मा घर की है घटना, सुबह के नास्ते में रोटी संग खाया था मशरूम






नवडीहा। मंगलवार सुबह नवडीहा ओपी क्षेत्र के नवडीहा गांव में एक ही परिवार के 10 सदस्य जंगली/देशी मशरूम खाने से बीमार हो गए। मशरूम खाने के कुछ ही देर बाद सभी को लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। परिजनों द्वारा तुरंत सभी को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें ‘आयुष्मान वार्ड’ में भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। घटना मंगलवार सुबह की है जब नवडीहा निवासी सहदेव वर्मा के घर पर नाश्ते में देशी मशरूम और रोटी बनाई गई थी।
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

तीन बच्चे व सात व्यस्क सहित दस बीमार
मशरूम खाने से बीमार होने वाले में परिवार के कुल 10 सदस्य शामिल हैं, जिसमें तीन बच्चे व सात वयस्क शामिल हैं, जिनमें से कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:नीलम कुमारी, शिवम कुमार, कृष्ण कुमार (12 वर्ष), पीयूष कुमार, अभिलाषा कुमारी, सिकंदर कुमार शामिल है।
बिना पहचान के ना खाएं मशरूम
सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने कुछ मरीजों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें निगरानी में रखा है। समय पर अस्पताल पहुंचने की वजह से सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है और कोई भी गंभीर नहीं है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जंगलों या खेतों में उगने वाले जंगली/देशी मशरूम खाने से बचें। बिना पहचान वाले मशरूम जहरीले और जानलेवा हो सकते हैं।




