Last Updated on July 13, 2026 by Gopi Krishna Verma
शेष कार्य हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा करें, डिजिटाइजेशन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं: डीसी

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची के अद्यतन, गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित नोडल पदाधिकारियों को अभियान के शेष कार्यों को पूरी गंभीरता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।समीक्षा में बताया गया कि जिले में गणना प्रपत्रों का 94.99 प्रतिशत वितरण पूर्ण कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शेष सभी पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाकर वितरण का कार्य हर हाल में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम या प्रपत्र किसी कारणवश छूटना नहीं चाहिए। सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में सघन डोर-टू-डोर भ्रमण कर शेष मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन की प्रगति की सतत समीक्षा की जाए।

बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की भी गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि डिजिटाइजेशन कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समानांतर रूप से संचालित हो, ताकि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जा सकें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि SIR-2026 निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।

मतदाताओं से विशेष अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने अबतक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे अपने संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर अथवा बीएलओ से तत्काल संपर्क स्थापित कर यथाशीघ्र गणना प्रपत्र भरें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी नागरिक बीएलओ के कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।




