Last Updated on July 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। डीसी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार बदलती जलवायु परिस्थितियों एवं एल नीनो (El Niño) के संभावित प्रभावों को देखते हुए जिला गव्य विकास कार्यालय, गिरिडीह द्वारा प्रखंड बेंगाबाद के ग्राम पतरोडीह में पशुपालकों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बढ़ते तापमान एवं संभावित जल संकट की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने तथा पशुपालकों को आवश्यक एहतियाती उपायों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने पशुपालकों को बताया कि एल नीनो के प्रभाव से अत्यधिक गर्मी, जल की कमी तथा हीट स्ट्रेस जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन एवं प्रजनन क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। ऐसी परिस्थितियों में समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर पशुधन को सुरक्षित रखा जा सकता है।पशुपालकों को सलाह दी गई कि वे पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ खनिज मिश्रण का नियमित उपयोग करें तथा पशुओं के रहने के स्थान पर पर्याप्त छाया, स्वच्छता एवं वेंटिलेशन की व्यवस्था बनाए रखें।
साथ ही अत्यधिक गर्मी के समय पशुओं को खुले में रखने से बचें तथा गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं।अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि यदि पशुओं में तेज सांस चलना, सुस्ती, भूख कम लगना, बुखार, अत्यधिक लार गिरना अथवा अन्य किसी प्रकार के बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा पशु चिकित्सक से संपर्क कर उपचार कराएं। विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने एवं पशुधन की नियमित स्वास्थ्य निगरानी करने की भी अपील की गई।

जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने कहा कि पशुधन किसानों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए जागरूकता, समय पर देखभाल एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से पशुओं के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस अवसर पर जिला गव्य विकास कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




