Last Updated on July 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड के दो अलग-अलग गांवों में मंगलवार को हुई दर्दनाक घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरे युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहली घटना भरकट्टा ओपी क्षेत्र के पड़रमनिया गांव की है। जहां 26 वर्षीय जनार्दन कुमार मंडल (पिता- किशुन मंडल) का शव घर के कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतक के पिता किशुन मंडल ने बताया कि सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य पड़ोस में आयोजित शादी समारोह से लौटे थे। उन्होंने बेटे को दूध पीने के लिए दिया, लेकिन उसने बाद में पीने की बात कहकर कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की से देखने पर जनार्दन का शव फंदे से लटका मिला।

आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस के एएसआई भक्तलाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दुसरी घटना: फ्रिज से पानी निकालने के दौरान करेंट के चपेट से मौत
दूसरी घटना बलिया पंचायत के नगड़ी गांव की है, जहां 25 वर्षीय सद्दीक अंसारी (पिता- हकीम मियां) की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पजानकारी के अनुसार सद्दीक अंसारी घर में मौजूद था। इसी दौरान वह फ्रिज से पानी निकालने गया, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

इस हादसे में गांव के ही बसीर अंसारी के पुत्र साबिर अंसारी भी करंट लगने से घायल हो गए। वहीं ग्रामीणों के अनुसार बिजली के तेज वोल्टेज के कारण गांव के करीब 15 से 20 घरों के विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलने पर भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। बाद में मुखिया प्रतिनिधि सगीर अंसारी, भाकपा माले नेता मुस्तकीम अंसारी एवं कमरुद्दीन अंसारी ने विद्युत विभाग के एसडीओ विनोद कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। इसके बाद विभाग के कर्मी गणेश महतो मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान बताया कि मृतक के शरीर के दाहिने पिछले हिस्से पर करंट लगने के निशान हैं तथा कुछ हिस्सा झुलस गया है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

विद्युत विभाग से मुआवजे की मांग
घटना के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग से मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव में करंट से होने वाली पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बिजली के करंट की चपेट में आने से दो बैलों की मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के प्रति लोगों में भारी आक्रोश है।




