Last Updated on June 21, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण के लिए सभी बीएलओ को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण

गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision-SIR-2026) के सफल क्रियान्वयन एवं आगामी निर्वाचन संबंधी गतिविधियों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के बीएलओ (BLO) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह जिला अंतर्गत सभी अंचलों में दिनांक 22 एवं 23 जून 2026 को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशिक्षण में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के उद्देश्य, समय-सारिणी एवं प्रमुख गतिविधियों, गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं प्राप्ति प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन (House-to-House Survey), Self Mapping, Parental Mapping एवं Progeny Mapping, ECINET BLO App के संचालन, QR Code Scanning, Form Submission, मतदाताओं के फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया तथा ASDD सूची के निर्माण एवं सत्यापन संबंधी विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त Uncollectable Electors (Death, Permanently Shifted, Duplicate, Untraceable एवं Refused to Sign) से संबंधित प्रक्रियाओं, बीएलए-2 के साथ समन्वय, प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की कार्यवाही तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा है कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। इसके शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित निर्माण के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन कर्मियों की दक्षता बढ़ाना तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है। सभी संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय से पूर्व प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।






