डीसी ने किया बिरनी व सरिया के कस्तुरबा विद्यालय का औचक निरीक्षण, कहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कोई समझौता नहीं

0

Last Updated on April 4, 2026 by Gopi Krishna Verma

एक नज़र:

  • उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला तथा छात्राओं की उपस्थिति की जांच की।
  • छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
  • उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग, संगीत एवं अन्य गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाना चाहिए।

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय व्यवस्था तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिरनी और सरिया प्रखंड अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसके पश्चात प्लस टू उच्च विद्यालय भरकट्टा का भी निरीक्षण किया।

सर्वप्रथम उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिरनी का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं सरिया प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला तथा छात्राओं की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की नियमित कक्षाएं संचालित की जाएं और पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने भोजन, स्वच्छता, पढ़ाई और खेलकूद से संबंधित अपनी बातें साझा कीं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और मेन्यू के अनुसार ही भोजन परोसा जाए। रसोईघर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पेयजल और शौचालय व्यवस्था की भी जांच की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और सभी शौचालयों की साफ-सफाई प्रतिदिन की जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर नियमित रूप से आयोजित करने तथा छात्राओं का समय-समय पर मेडिकल चेकअप कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को भी गंभीरता से लिया और कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वार्डन एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्रावास में सीसीटीवी कैमरे, रजिस्टर संधारण और रात्रि निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही बाहरी लोगों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने और विद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग, संगीत एवं अन्य गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाना चाहिए। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे चलकर समाज में बेहतर योगदान दे सकेंगी। उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान किया जाए।

मौके पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के प्राचार्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *