पेशम पंचायत के मुखिया को मिली बड़ी जिम्मेदारी मुखिया रागिनी सिन्हा बनीं मास्टर ट्रेनर
Last Updated on January 15, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। ग्राम पंचायत पेशम की मुखिया श्रीमती रागिनी सिन्हा का चयन पंचायत सहायकों के प्रशिक्षण हेतु मास्टर ट्रेनर के रूप में किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी से 18 जनवरी तक रांची में आयोजित चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्रीमती रागिनी सिन्हा भाग लेंगी। इस प्रशिक्षण के माध्यम से वे पंचायत सहायकों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।स्थानीय स्तर पर इस चयन को पंचायत और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मुखिया रागिनी सिन्हा के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पंचायत सहायकों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे ग्राम पंचायतों के कार्यों में और अधिक पारदर्शिता व प्रभावशीलता आएगी।

मुखिया रागिनी सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान भी ग्राम पंचायत पेशम में किसी प्रकार के आवश्यक कार्य या समस्या के लिए लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं, ताकि पंचायत का कामकाज निर्बाध रूप से चलता रहे। उनका यह चयन पंचायती राज व्यवस्था में महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।
