दो बाइक चोर नौ बाइक के साथ गिरफ्तार

0

Last Updated on March 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खुट्टाबांध के निवासी हैं दोनों आरोपी चोर

गिरिडीह। मंगलवार को गिरिडीह पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर छापेमारी कर रॉयल एनफील्ड समेत कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वाहन चोरी में संलिप्त अपराधी जिले में सक्रिय हैं। इस सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर पचंबा थाना क्षेत्र में विशेष एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान भागने पर पुलिस को हुई शंका

जांच अभियान के तहत बनखजो पुल के पास वाहन जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में वे बाइक के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ी पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की थी और वे उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इस संबंध में पचंबा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303 (2), 317(2), 317(4) और 317 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खुट्टाबांध गांव के हैं दोनों चोर

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर टीवीएस अपाचे, रॉयल एनफील्ड बुलेट 350, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और हीरो स्प्लेंडर जैसी कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शक्ति चौधरी (पिता स्व. विनोद चौधरी) और दीपक चौधरी (पिता श्याम सुंदर चौधरी) के रूप में हुई है। दोनों बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खुट्टाबाध गांव के निवासी हैं। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली, पचम्बा थाना के इंस्पेक्टर मंटू कुमार, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *