तीन युवकों ने सिक्योरिटी गार्ड पर चलाया गोली, बाल-बाल बचे
Last Updated on October 8, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमोरिया स्थित एएनएम हॉस्टल के पास मंगलवार शाम को बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति पर गोली चला दी। हालांकि गोली युवक के शरीर को छूते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। घायल अवस्था में युवक को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में घायल युवक की पहचान कोराबेडा टोला (चमरखो) निवासी 32 वर्षीय दशरथ टुडू, पिता सरजू टुडू, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दशरथ बरगंडा क्षेत्र में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं और प्रतिदिन रात 8 बजे ड्यूटी से लौटते हैं। मंगलवार को वह अपेक्षाकृत जल्दी, शाम 7 बजे ही घर लौट रहे थे।इसी दौरान बरमोरिया मोड़ के समीप तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया और जैसे ही वे एएनएम हॉस्टल के पास पहुंचे, हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली युवक के बाएं कंधे को छूते हुए निकल गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों की मदद से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
