गिरिडीह स्टेडियम के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल द्वारा उठाए गए मुद्दे पर प्रशासन की कार्रवाई

0

Last Updated on March 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण खेल परिसर गिरिडीह स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर उठाई गई जनहित की पहल पर प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई प्रारंभ हो गई है।

सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल द्वारा इस महत्वपूर्ण विषय को उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन एवं खेल विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए हैं।

प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार गिरिडीह स्टेडियम के आवश्यक जीर्णोद्धार हेतु श्री अर्जुन बारला, जिला खेल पदाधिकारी, जिला खेल कार्यालय, गिरिडीह के द्वारा सुनील खंडेलवाल को सूचित किया गया है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करने हेतु झारखंड खेल प्राधिकरण, राँची को विस्तृत प्राक्कलन (Estimate) तैयार करने तथा अग्रेतर कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। यह पहल गिरिडीह जिले में खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ज्ञात हो कि लगभग चार दशक पूर्व निर्मित यह स्टेडियम लंबे समय से जिले के खिलाड़ियों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। किंतु वर्षों से समुचित देखरेख के अभाव में इसके मैदान, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएँ जर्जर होती चली गईं, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने जनहित में इस मुद्दे को उठाते हुए स्टेडियम के व्यापक पुनरुद्धार की मांग की थी।

प्रस्तावित जीर्णोद्धार में मुख्य मैदान का समतलीकरण, आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था, दर्शक दीर्घाओं का नवीनीकरण, फ्लडलाइट की स्थापना, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, शौचालय एवं पेयजल सुविधाओं का विकास तथा स्टेडियम परिसर का सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

इस संबंध में सुनील खंडेलवाल ने कहा कि “गिरिडीह जैसे उभरते जिले में खेल अवसंरचना का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। स्टेडियम का पुनरुद्धार होने से जिले के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएँ मिलेंगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उचित मंच प्राप्त होगा।” उन्होंने प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग शीघ्र ही प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करेगा, ताकि गिरिडीह स्टेडियम का पुनरुद्धार कार्य जल्द प्रारंभ हो सके और यह परिसर पुनः जिले में खेल गतिविधियों का सशक्त केंद्र बन सके।

मामले में त्वरित संज्ञान लेने हेतु खंडेलवाल ने झारखंड सरकार सहित स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *