पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या की सुलझी गुत्थी
Last Updated on March 12, 2026 by Gopi Krishna Verma
जमीन विवाद में हुई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो के निर्मम हत्याकांङ मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वही हत्या बीते 21 फरवरी की गई थी। जिन दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें डुमरी थाना क्षेत्र के हेठटोला निवासी रेवतलाल महतो और प्रदीप कुमार शामिल है।

उक्त आशय की जानकारी डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर दी। बताया गया कि बीते 21 फरवरी को पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष डुमरी निवासी राकेश महतो का अधजला शव झारखंड कॉलेज डुमरी (घुटवालि) के समीप खांकीकला जंगल से पुलिस बरामद किया गया था। घटना के बाद गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार के द्वारा एक एसआईटी का गठन किया गया था, जो लगातार मामले के उद्भेदन करने में जुटी हुई थी।

अनुसंधान के द्वारा यह बातें सामने आयी कि राकेश महतो के द्वारा जीटी रोड के पास बन रहे मकान के बगल में कुछ विवादित जमीन था और उसी जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद चला आ रहा था। इसी जमीन विवाद को खत्म करने के लिए रेवतलाल महतो और प्रदीप कुमार ने मिलकर राकेश महतो के हत्या करने की योजना बनाई और फिर पूरी प्लानिंग कर के राकेश महतो की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
