डीसी ने 32-गिरिडीह विधानसभा अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मैपिंग कार्यों का किया अवलोकन, दिए जरूरी दिशा-निर्देश
Last Updated on January 6, 2026 by Gopi Krishna Verma
मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण के लिए अधिक से अधिक मैपिंग करने से मतदाताओं को मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान आसानी होगी: उपायुक्त

गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को 32-गिरिडीह विधानसभा अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मैपिंग कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वैसे मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस किया, जिसका मैपिंग का कार्य कम है। जिसमें 18-पूर्वी वन प्रमंडल कार्यालय, मोहनपुर, 21- पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल (पूर्वी भाग), 27 एच ई हाई स्कूल रोड गिरिडीह (पश्चिम भाग), 16 हनी होली ट्रिनिटी स्कूल मोहनपुर (पश्चिम भाग), 22 पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गिरिडीह शामिल है।

इस दौरान मैपिंग कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते सभी को कड़े शब्दों में निर्देशित किया गया कि मैपिंग कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही नहीं बरती जाय। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम के जरिए सीधे मतदाताओं से जुड़ें एवं मैपिंग के कार्य को गति दें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण के लिए अधिक से अधिक मैपिंग करने से मतदाताओं को मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान आसानी होगी।

समीक्षा के क्रम में सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने एवं सुनियोजित तरीके से मैपिंग का कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य एक अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और उनकी पहचान पूरी तरह सत्यापित हो इसे लक्ष्य बनाकर कार्य करना चाहिए।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह श्रीकांत यशवंत विस्पुते, उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो, अंचलाधिकारी गिरिडीह जितेंद्र प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
