सुनील खंडेलवाल ने गिरिडीह-मधुपुर सवारी गाड़ी संख्या 53520 के निरंतर विलंब पर जताई कड़ी आपत्ति, रेल प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

0

Last Updated on February 21, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। गिरिडीह से मधुपुर के मध्य संचालित सवारी गाड़ी संख्या–53520 (निर्धारित प्रस्थान समय रात्रि 10:10 बजे) के लगातार तीन से चार घंटे विलंब से चलने की गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

यह ट्रेन प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों को मधुपुर जंक्शन तक पहुंचाती है, जहां से यात्री पटना एवं कोलकाता सहित विभिन्न महानगरों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षित टिकट के साथ आगे की यात्रा करते हैं। किंतु लगातार हो रहे विलंब के कारण अनेक यात्री अपनी कनेक्टिंग ट्रेनें पकड़ने से वंचित हो रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान, मानसिक तनाव एवं भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मार्ग में मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण सवारी गाड़ी को बीच रास्ते में अनावश्यक रूप से रोका जाता है। यह व्यवस्था स्पष्ट रूप से यात्री हितों की उपेक्षा है। यात्री ट्रेनों, विशेषकर कनेक्टिंग सेवा प्रदान करने वाली रात्रिकालीन ट्रेनों को इस प्रकार बाधित करना जनहित के प्रतिकूल एवं प्रशासनिक उदासीनता का प्रतीक है।

इस संबंध में विस्तृत शिकायत पत्र को श्री मार्शल A. सिल्वा (Sr. DCM) के माध्यम से पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को अग्रसारित किया गया है। सुनील खंडेलवाल ने मांग की है कि यात्री ट्रेनों को मालगाड़ियों पर प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए, समयपालन सुनिश्चित करने हेतु स्थायी एवं प्रभावी समाधान लागू किया जाए।

खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि मालगाड़ी के अल्पकालिक विलंब से जनसाधारण पर कोई विशेष प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, जबकि यात्री ट्रेन के विलंब से सैकड़ों परिवारों की यात्रा योजना, समय एवं आर्थिक संसाधनों पर सीधा आघात होता है।

खंडेलवाल ने आशा व्यक्त की है कि व्यापक जनहित को दृष्टिगत रखते हुए रेल प्रशासन शीघ्र ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करेगा, अन्यथा यात्रियों के हित में आगे की लोकतांत्रिक पहल पर भी विचार किया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *