नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी: जिला परिवहन पदाधिकारी

0

Last Updated on March 2, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा शहर में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित किया गया।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर सघन जांच की। जांच के क्रम में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कागजातों की गहन पड़ताल की गई। वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) आदि की जांच की गई। जिन वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई या यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े गए, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा गया। इस दौरान कुल 73 दो पहिया वाहनों से 1,37,000 रुपया का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष रूप से सख्ती बरती गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर सावधानी और अनुशासन ही सुरक्षित यात्रा की कुंजी है। अभियान के दौरान आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि नियमों का पालन केवल दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

इस अभियान से शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित में ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *