खोरीमहुआ एसडीएम ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
Last Updated on February 7, 2026 by Gopi Krishna Verma

खोरीमहुआ। शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेश रंजन (भा.प्र.से.) द्वारा माध्यमिक परीक्षा के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में +2 उच्च विद्यालय, धनवार एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय, अरखांगो, धनवार स्थित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था, कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन, केन्द्र अधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों की उपस्थिति, वीक्षक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जाँच की गई। सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित पाई गई।

सभी परीक्षा केन्द्रों के आस-पास भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा की शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

साथ ही, अनुमंडल प्रशासन द्वारा सभी अभिभावकों एवं आमजनों से अपील की गई है कि परीक्षा केन्द्रों के समीप अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्र न करें तथा परीक्षा की गरिमा एवं शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
