खोरीमहुआ: अनुमंडल क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए शांति समिति की बैठक संपन्न
Last Updated on March 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

खोरीमहुआ। मंगलवार को अनिमेष रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक अनुमंडल कार्यालय, खोरीमहुआ के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में आगामी ईद-उल-फितर पर्व के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण, सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा एवं विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अग्निशमन सेवा के प्रतिनिधि सहित सम्मानित शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की परिस्थितियों से अवगत कराते हुए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए गए।

बैठक के दौरान अनिमेष रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहाँ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए। नियमित गश्ती, विशेषकर रात्रि गश्ती, को सुदृढ़ किया जाए तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखते हुए किसी भी आपत्तिजनक अथवा भ्रामक सामग्री के प्रसार पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

नगर पंचायत, धनवार को निर्देशित किया गया कि पर्व के मद्देनजर नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।अग्निशमन सेवा को संभावित आपात स्थिति से निपटने हेतु पूर्ण तत्परता बनाए रखने तथा आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को भी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की गई। सभी सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।

अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे ईद-उल-फितर का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द के साथ मनाएँ तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें।बैठक में प्रखण्ड धनवार, जमुआ, देवरी, तिसरी एवं गावां से संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अनुमंडल स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
