खोरीमहुआ: शांतिपूर्ण होली के लिए अनुमंडल क्षेत्र में निकाला गया फ्लैग मार्च

0

Last Updated on March 2, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। होली पर्व-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ संधारण, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड धनवार, जमुआ, तिसरी, देवरी एवं गावां में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल प्रशासन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी, दण्डाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा सशस्त्र बल के जवान सम्मिलित हुए। यह मार्च खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिनन प्रखंडों के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील चिन्हित स्थलों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा। मार्च के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन ने कहा कि उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, गिरिडीह के निदेश के आलोक में खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखण्डों में आज दिनांक- 02.03.2026 को फ्लैग मार्च निकाला गया। उन्होंने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक पर्व है, जिसे परंपरागत उत्साह, आपसी सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही, संवेदनशील स्थलों पर गश्ती दलों को निरंतर भ्रमण करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

श्री रंजन ने कहा कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे शांति, संयम एवं मर्यादा का पालन करते हुए होली मनाएं। जबरन रंग लगाने, नशे की अवस्था में वाहन चलाने, हुड़दंग करने अथवा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों से बचें। साथ ही किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना अविलंब संबंधित थाना अथवा अनुमंडल कंट्रोल रूम को दें।

प्रशासन द्वारा अनुमंडल स्तर एवं प्रखण्ड स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहाँ से संपूर्ण स्थिति की निगरानी की जा रही है। साथ ही, चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन दल एवं आवश्यक सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

अनुमंडल प्रशासन ने पुनः सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ होली पर्व मनाएँ तथा प्रशासन को सहयोग प्रदान करें, ताकि यह होली पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *