तिसरी: चकलमुंडा से 54.5 टन अवैध माइका बरामद
Last Updated on January 29, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। उपायुक्त–सह–जिला दण्डाधिकारी, गिरिडीह के निर्देश तथा अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ के आदेश के आलोक में दिनांक 29.01.2026 को अपराह्न लगभग 2:00 बजे तिसरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम चकलमुंडा, पंचायत खिजुरी में गुप्त सूचना के आधार पर अवैध माईका भंडारण के विरुद्ध छापामारी अभियान चलाया गया।

अंचल अधिकारी, तिसरी अखिलेश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई जांच के दौरान विभिन्न परिसरों में काफी मात्रा में अवैध माईका का भंडारण पाया गया, जिसे तिसरी थाना के सहायक अवर निरीक्षक श्री लव कुमार की उपस्थिति में विधिवत सील कर दिया गया है।
बरामद माईका की कुल मात्रा लगभग 54.5 टन आंकी गई है, जिसमें एक स्थल से लगभग 4.5 टन तथा दूसरे स्थल से लगभग 50 टन माईका बरामद किया गया। साथ ही खनन एवं खनिज अधिनियम सहित अन्य सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन ने कहा कि अनुमंडल प्रशासन अवैध खनन, भंडारण एवं खनिज के अवैध व्यापार के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चला रहा है।

उपायुक्त -सह- जिला दंडाधिकारी, गिरिडीह के निदेश के आलोक में की गई इस कार्रवाई के तहत अवैध रूप से संग्रहित माईका को जब्त कर गोदामों को सील किया गया है तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा की भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
