बढ़ती ठंड में सहारा बना ‘जनता की आवाज’ संगठन, बिरनाडाबर में जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण
Last Updated on December 14, 2025 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। क्षेत्र में बढ़ते ठंड और शीतलहरी के प्रकोप को देखते हुए सामाजिक संस्था ‘जनता की आवाज’ ने रविवार को जमुआ के चुंगलों पंचायत स्थित बिरनाडाबर गांव में राहत अभियान चलाया। संगठन ने यहाँ गरीबों, वृद्धों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चुंगलों पंचायत के मुखिया विकास मंडल उपस्थित रहे, जिन्हें संगठन की ओर से अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

सामाजिक सरोकार ही प्राथमिकता
विकास मंडलइस अवसर पर मुखिया विकास मंडल ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ‘जनता की आवाज’ कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित एक संगठन है। उन्होंने कहा कि मानवता का असली अर्थ दूसरों की सेवा करना और गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने सरकारी व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि अक्सर राज्य सरकार द्वारा ठंड खत्म होने के बाद कंबल वितरण का आदेश आता है, जबकि इस संगठन ने सही समय पर मदद पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि यह संगठन केवल ठंड में ही नहीं, बल्कि होली और दिवाली जैसे त्योहारों पर भी सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जाकर बच्चों के साथ खुशियां बांटता है।

चुंगलों में खुलेगा निःशुल्क कोचिंग सेंटर और पुस्तकालय
कार्यक्रम के दौरान संगठन के संस्थापक सुधीर द्विवेदी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए चुंगलों में जल्द ही एक निःशुल्क कोचिंग सेंटर, पुस्तकालय और वाचनालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए जगह के चयन की प्रक्रिया चल रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई बेहतर ढंग से कर सकें।
प्रमुख उपस्थित सदस्य:इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से संगठन के संस्थापक सुधीर द्विवेदी, महासचिव अनुज सेठ, युवा मोर्चा अध्यक्ष फरीद आलम, उपाध्यक्ष रोहित कुमार, कार्यक्रम प्रभारी निगम कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी उज्ज्वल कुमार साहा, व्यवस्थापक धनराज वर्मा और प्रेम कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे।
