जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने सदन में जमुआ-मिर्जागंज-खरगडीहा को मिलाकर नगर पंचायत गठन की उठाई मांग
Last Updated on March 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
सरकार ने कहा जनगणना के कारण 31मार्च,2027 तक किसी भी प्रशासनिक सीमा में परिवर्तन संभव नहीं

जमुआ। जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के जमुआ, मिर्जागंज और खरगडीहा में शहरी सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु तीनों को मिलाकर नगर पंचायत बनाने की मांग सदन में जोरदार तरीके से उठाई। विधायक ने कहा कि उन्होंने जमुआ विधानसभा क्षेत्र के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और आधुनिक शहरी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र के मिर्जागंज, खरगडीहा और जमुआ को एकीकृत कर नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग मजबूती के साथ उठाई।

उनके द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के उत्तर में सरकार ने स्वीकार किया है कि मिर्जागंज, खरगडीहा एवं जमुआ क्षेत्र सामाजिक और आर्थिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा यहां की आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके बावजूद आज भी वहां सफाई व्यवस्था की कमी, सड़कों और नालियों में जमा कचरे तथा बुनियादी शहरी सुविधाओं के अभाव के कारण आम जनता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जनगणना के कारण 31 मार्च,2027 तक प्रशासनिक सीमा में बदलाव संभव नहीं
सरकार ने अपने जवाब में यह भी माना है कि यदि मिर्जागंज, खरगडीहा और जमुआ को एकीकृत कर नगर पंचायत बनाया जाता है, तो यहां की बड़ी आबादी को पेयजल, स्ट्रीट लाइट, बेहतर सड़क, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। फिलहाल जनगणना प्रक्रिया के कारण प्रशासनिक सीमाओं में 31 मार्च, 2027 तक परिवर्तन पर अस्थायी रोक का हवाला दिया गया है; लेकिन जमुआ की जनता के हित में इस मांग को पूरा कराने के लिए उनका प्रयास और संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

