गिरिडीह: उसरी वाटरफॉल में डुबने से बिहार के समस्तीपुर के युवक की मौत
Last Updated on April 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
मृतक बिहार के उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौरा जनकपुर निवासी विजय कुमार सिंह के पुत्र गौरव कुमार सिंह

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उसरी वॉटरफॉल में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला 22 वर्षीय युवक था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक दोस्त अनमोल के संग आया था गिरिडीह घुमने
बताते चलें कि मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौरा जनकपुर निवासी विजय कुमार सिंह के पुत्र गौरव कुमार सिंह के रूप में हुई है। गौरव कुमार सिंह अपने दोस्त अनमोल कुमार के साथ गिरिडीह घूमने आया था। वे झिंझरी मोहल्ला स्थित कृष्णा कुमार के ससुराल, विनोद दास के घर ठहरे हुए थे। गुरुवार को दोनों मित्र पास के प्रसिद्ध वॉटरफॉल घूमने गए थे।

नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में समाया
वॉटरफॉल पहुंचने के बाद दोनों नहाने लगे। इसी दौरान गौरव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गौरव को डूबता देख उसके दोस्त अनमोल कुमार ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया और पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में वह पूरी तरह पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों ने युवक को पानी से बाहर निकाला तब तक मौत
स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने युवक को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस मामले में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि पुलिस को वॉटरफॉल में युवक के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
