गिरिडीह: डीजे बजाने के विवाद में हुए हत्याकांड में शामिल एक नाबालिग के अलावे छह आरोपी गिरफ्तार
Last Updated on March 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मंगलवार को गिरिडीह पुलिस ने डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में अजय दास की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को भी गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

यह घटना 05 मार्च 2026 को नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास मुहल्ला में हुई थी। डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अजय दास को चाकू मार दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद नगर थाना में 07 नामजद आरोपियों के विरुद्ध 6 मार्च को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले राहुल दास (21), ललिता देवी (35) और राजन दास (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। इसके बाद शेष आरोपी रोहित दास, रवि दास और रोनी दास को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस ने आरोपी रोहित दास की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
