गिरिडीह: क़र्ज़ के दबाव में मां ने बेटी संग की आत्महत्या
Last Updated on January 20, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कर्ज के दबाव से परेशान एक माँ और उनकी नाबालिग बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुतुल देवी ने किसी महिला समूह से करीब पांच लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसकी जानकारी उन्होंने परिवार वालों को नहीं दी थी। लोन की किस्तों को लेकर लगातार फोन आने से वह मानसिक तनाव में रहती थीं और अक्सर परेशान दिखाई देती थीं।

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो माँ-बेटी घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर में दो लोगों द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
