गिरिडीह: नो इंट्री में घुसे 40 वाहनों पर लगा जुर्माना, 70 हजार की वसुली
Last Updated on December 27, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार शुक्रवार को गिरिडीह बस स्टैंड के पास जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें ब्लैक स्पॉट, प्रेशर हॉर्न एवं मल्टी-हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहनो पर ऑनस्पॉट नियमानुकूल कार्रवाई की गई एवं साथ ही सभी को जागरूक भी किया गया कि ध्वनि प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारी हो सकती है।

इस दौरान नो एंट्री जोन, हेलमेट, सीटबेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि की जांच की गई। जांच के दौरान 40 से अधिक नो एंट्री जोन में वाहन चलाते पकड़े गए, जिनमें 30 बिना हेलमेट और 10 नो एंट्री जोन में ड्राइविंग करते हुए वाहन चालकों से लगभग 70,000 हजार जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने आमजनों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। ऐसे में अपने परिवार के साथ दूसरों की सुरक्षा को लेकर सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन करें। सड़क सुरक्षा जागरूकता के संबंध में यातायात नियमों का पालन करने, सीटबेल्ट/हेलमेट पहनने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने और पैदल चलने वालों की भी सुरक्षा का ध्यान रखें।

