डुमरी व बगोदर थाना क्षेत्र से पांच ओवरलोड वाहन जब्त

0

Last Updated on April 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी: डीटीओ

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने डुमरी और बगोदर थाना के पास भारी/ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को नियंत्रित करना, ओवरलोडिंग पर रोक लगाना तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना था। इस दौरान विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों जैसे ट्रक, ट्रेलर और डंपर की जांच की गई।

जीटी रोड पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान कुल 05 ओवरलोडेड वाहनों को जब्त किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि ये वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे थे, जो न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने मौके पर ही सभी आवश्यक कागजातों की जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने वाहन चालकों एवं मालिकों से अपील की, कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। इस अभियान में पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे जांच कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस तरह के वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस जांच अभियान से जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है। प्रशासन का यह प्रयास आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *