चोरी के बाइक में नंबर प्लेट बदलकर चलाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
Last Updated on January 10, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

इस पूरे मामले की जानकारी डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।डीएसपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसाद ने काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक विपरीत दिशा में भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान रविंद्र साव और विजय साव के रूप में हुई है, जो पचम्बा थाना क्षेत्र के सुगासार के रहने वाले हैं।
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे तो दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसे उन्होंने सत्यनारायण पाण्डेय और सुनील कुमार दास से 15 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस ने निशानदेही पर अलकापुरी से सत्यनारायण पाण्डेय और सुनील कुमार दास को भी गिरफ्तार कर लिया।

आगे की पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि बाइक उन्होंने मो. ताज हसन और मो. सदाब उर्फ मिठु से खरीदी थी, जिन्होंने बाइक का नंबर बदलकर चलाने की सलाह दी थी। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मो. ताज हसन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मो. सदाब उर्फ मिठु की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि बरामद बाइक पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था, जबकि उसका वास्तविक नंबर अलग पाया गया। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 07/26, दिनांक 09 जनवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।
इस पूरी कार्रवाई को नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें अरविंद कुमार सिंह, प्रमोद प्रसाद, शिव सागर रजक, महेश यादव, संजीव कुमार रजक, अजीत कुमार सिंह और शाहिद अंसारी शामिल थे।
