धनवार: अम्बाटांड़ में 62 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या, महिला के सर को धड़ से अलग कर किया हत्या
Last Updated on November 14, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के धनवार थाना क्षेत्र के अम्बाटांड़ (पलंगी) में गुरुवार की रात एक ऐसी जघन्य वारदात हुई जिसने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। यहां 62 वर्षीय शांति देवी, पत्नी गंगा सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हमला इतना निर्मम था कि महिला का सिर धड़ से अलग पाया गया, जिससे ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल सहित घोड़थम्भा, जमुआ और हीरोडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर मृतका का सिर और घर के पास धड़ दोनों बरामद कर लिए हैं। मौके से साक्ष्य एकत्र कर पुलिस ने इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात शांति देवी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर पहुंचा और धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। वार इतना तेज था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और सिर अलग होकर दूर जा गिरा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी सत्येंद्र पाल ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर पुलिस बल तैनात किया। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आ रही है।

पुलिस ने बताया कि हत्या धारदार हथियार से की गई है और इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या अन्य किसी वजह की भी जांच की जा रही है। वहीं, मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में कई बातें स्पष्ट हो सकती हैं।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
