तिसरी पहूंचें डीसी, मनरेगा योजनाओं का किया निरीक्षण
Last Updated on July 27, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शनिवार शाम उपायुक्त ने तिसरी प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का निरीक्षण किया। खिजुरी पंचायत में मनरेगा अंतर्गत संचालित बागवानी कार्यों का निरीक्षण किया।
स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को सुना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया और लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। इसके उपरांत मनरेगा अंतर्गत संचालित कुआं का निरीक्षण किया, कुआं के माध्यम से ग्रामीणों को सिंचाई की सुविधा का अवलोकन किया तथा स्पष्ट निर्देशित किया कि सिंचाई की सुविधा मिलें, संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कुआं का पानी पीकर पानी की गुणवत्ता की जांच की। इसके अलावा उपायुक्त ने ग्रामीणों से मिलकर उन्हें मिल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बुजुर्ग से मिलकर उन्हें वृद्धा पेंशन मिल रही है या नहीं, इसकी जानकारी ली तथा अन्य सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत किसानों द्वारा की गई मिर्ची की खेती का भी जायजा लिया और मिर्ची के उत्पादन और उनसे होने वाले लाभ की भी जानकारी ली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिसरी का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर, आमजनों की चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता: उपायुक्त

इसके अलावा उपायुक्त ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, कहा कि आमजनों को सुगम स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, रजिस्टर पंजी, आयुष्मान वार्ड, इमरजेंसी वार्ड समेत अन्य वार्डो का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी, तिसरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, रोजगार सेवक, जेई, एई समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।