डीसी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नारी अदालत से संबंधित कि की बैठक, दिए जरूरी दिशा-निर्देश
Last Updated on February 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नारी अदालत से संबंधित बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नारी अदालत की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करना तथा महिलाओं से जुड़े मामलों का त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।

बैठक में पिछले माह प्राप्त मामलों की समीक्षा की गई। जिन मामलों का निष्पादन हो चुका है, उनकी जानकारी साझा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर बल दिया गया। साथ ही, ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएँ इस मंच का लाभ उठा सकें।

उपायुक्त ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं द्वारा सामना किया जाने वाले छोटे प्रवृत्ति के मामले जैसे उत्पीड़न, हिंसा, तोड़फोड़ अधिकारों की कटौती आदि मामलों के लिए महिलाओं को वैकल्पिक शिकायत निवारण तंत्र प्रदान करने हेतु नारी अदालत की शुरुआत की जानी है। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि नारी अदालत महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह एवं अन्य सामाजिक समस्याओं से राहत दिलाने का एक प्रभावी मंच है।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए। नारी अदालत को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक पीड़ित महिला को समय पर न्याय मिल सके। वहीं लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
