गिरिडीह कॉलेज के पास चला बुलडोजर, हटाया गया अतिक्रमण
Last Updated on August 2, 2025 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। ज़िले में शनिवार को गिरिडीह कॉलेज के पास जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। बेंगाबाद अंचलाधिकारी प्रियंका प्रियदर्शी और थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने कॉलेज के चारों ओर वर्षों से लगी 50 से अधिक अस्थायी दुकानों और ठेलों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने विरोध करते हुए गिरिडीह-देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं मौके पर सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह समेत नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना कोई अंतिम सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था दिए सीधे कार्रवाई कर दी। उनका कहना है कि वे खुद भी दुकानें हटाने की प्रक्रिया में थे; लेकिन प्रशासन ने अचानक बुलडोजर चलवा दिया, जिससे गरीबों की रोज़ी-रोटी छिन गई।वहीं प्रशासन का पक्ष स्पष्ट है।
सीओ प्रियंका प्रियदर्शी ने कहा कि कॉलेज क्षेत्र में लगातार असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। खुलेआम नशे की बिक्री और भीड़-भाड़ के चलते छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर असर पड़ रहा था। इसी कारण सार्वजनिक हित में यह अभियान चलाया गया है। इस घटना के बाद शहर में दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एक ओर लोग इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में जरूरी कदम मान रहे हैं ,वहीं दूसरी ओर गरीब दुकानदारों को बिना पुनर्वास उजाड़ने को अमानवीय बता रहे हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इन विस्थापित दुकानदारों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करता है या नहीं।

मौके पर एसडीपीओ जितवहान उरांव, अंचल अधिकारी प्रियंका प्रियदर्शी, थाना प्रभारी बेंगाबाद जितेंद्र कुमार सिंह, गांडेय थाना प्रभारी आंनद प्रकाश सिंह, मुफ्फसिल एसआई संजय कुमार, राजस्व कर्मचारी अमरनाथ सिन्हा, रोहित कुमार, अमीन मनोज वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।