ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले विधायक नागेंद्र महतो

0

Last Updated on September 10, 2025 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। बुधवार को बगोदर विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक नागेंद्र महतो नई दिल्ली स्थित कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात किया। इस दौरान विधायक श्री महतो ने केंद्रीय मंत्री से बगोदर समेत झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी।

बगोदर विधायक ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अवगत कराते हुए कहा कि झारखंड के अधिकांश ग्रामीण इलाके की कृषि पूरी तरह वर्षा पर आश्रित है। सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां के किसान धान जैसी पारंपरिक फसलों की रोपाई तक हीं सीमित रहते हैं और सिंचाई व्यवस्था के अभाव में अन्य मौसमी एवं नगदी फसलें उगाने में असमर्थ हैं। परिणामस्वरूप किसानों को फसल हानि, आर्थिक संकट और मजबूरी में पलायन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी चिंताजनक है कि बगोदर क्षेत्र के हजारों किसान परिवार आज भी जीविकोपार्जन के लिए देश एवं विदेश के विभिन्न राज्यों में प्रवासी दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करने को विवश हैं। आए दिन प्रवासी मजदूरों के साथ दुर्घटनाएं और सामाजिक समस्याएं सामने आती रही हैं, जो अत्यंत दुखद एवं चिंतनीय है। ऐसे हालात को देखते हुए विधायक नागेन्द्र महतो ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि झारखंड के सभी पंचायतों में डीप बोरिंग अधिष्ठापित किए जाएँ, जिससे किसानों को साल भर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक पंचायत में डीप बोरिंग की व्यवस्था की जाती है तो न केवल कृषि उत्पादन एवं फसल विविधीकरण संभव होगा बल्कि किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और ग्रामीण पलायन की समस्या पर भी काफी हद तक रोक लगेगी।

विधायक ने कहा कि यह कदम किसानों के जीवन में स्थायी परिवर्तन लाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, मंडल अध्यक्ष सह मुखिया अजय यादव एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद यादव भी उपस्थित थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *