खेल-खिलौनों और स्मार्ट क्लास से सजेगी इम्पीरियल शिशु वाटिका, इसको लेकर इम्पीरियल पब्लिक स्कूल में तैयारियां जोरों पर
Last Updated on January 18, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। इम्पीरियल पब्लिक स्कूल में नन्हे बच्चों की शिक्षा को और रोचक, सरल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इम्पीरियल शिशु वाटिका की शुरुआत को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। विद्यालय परिसर में नन्हे-मुन्नों के लिए आकर्षक कुर्सियाँ, झूले एवं स्लिपन पट्टी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के शिक्षण खिलौने भी मंगवाए गए हैं, जिनकी मदद से शिक्षिकाएँ नन्हे बच्चों को सरलता एवं रुचिकर तरीके से पढ़ा सकेंगी। इन खिलौनों में फलों की पहचान, गिनती तथा A to Z से संबंधित शैक्षणिक खिलौने शामिल हैं, जो बच्चों की समझ और सीखने की क्षमता को बढ़ाने में सहायक होंगे।विद्यालय में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट क्लास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके लिए एक डिजिटल बोर्ड लगाया जा रहा है, जिसे आज की प्रार्थना सभा के दौरान सभी बच्चों के समक्ष प्रदर्शित किया गया। वहीं शिशु वाटिका के लिए एक विशेष बैनर भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें आकर्षक चित्रों के माध्यम से फल, फूल एवं जानवरों के नाम दर्शाए जाएंगे। यह बैनर बच्चों को एक विशेष, आनंददायक एवं सीखने के अनुकूल माहौल प्रदान करेगा।
इस संदर्भ में विद्यालय के संस्थापक नागेश्वर प्रसाद वर्मा एवं चंद्रशेखर प्रसाद वर्मा ने कहा “इम्पीरियल शिशु वाटिका की शुरुआत नन्हे बच्चों को एक सुरक्षित, आनंददायक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल देने के उद्देश्य से की जा रही है। खेल-खिलौनों, चित्रात्मक सामग्री और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत आधार प्रदान किया जाएगा।”वहीं प्रधानाध्यापक रोहित कुमार ने कहा:“शिशु वाटिका को लेकर विद्यालय में सभी आवश्यक तैयारियाँ तेजी से की जा रही हैं। शिक्षण खिलौने, डिजिटल बोर्ड और दृश्य-आधारित सामग्री से बच्चों को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से पढ़ाया जाएगा, जिससे बच्चे विद्यालय से सकारात्मक रूप से जुड़ सकें।

उन्होंने आगे बताया कि सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर इम्पीरियल शिशु वाटिका में नन्हे-मुन्ने बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे अभिभावक इस पावन अवसर पर अपने बच्चों का नामांकन करवा सकेंगे।
