भाजपा एवं हिंदू संगठनों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन समाप्त,लेबरा-दलांगी में रामनवमी जुलूस मार्ग विवाद सुलझा

0

Last Updated on March 17, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड के लेवरा-दलांगी गांव में रामनवमी जुलूस के मार्ग को लेकर पिछले कुछ समय से चल रहा विवाद मंगलवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया। सरिया प्रखंड सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में प्रशासन और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके बाद यह तय किया गया कि रामनवमी की शोभायात्रा पूर्व से निर्धारित सर्वे मार्ग से ही निकाली जाएगी।

विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से सरिया प्रखंड मुख्यालय में एसडीओ संतोष गुप्ता और एसडीपीओ धनंजय राम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों, जनप्रतिनिधियों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को प्राथमिकता देते हुए सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। काफी देर तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि रामनवमी जुलूस अपने पारंपरिक यानी सर्वे निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा।

बैठक के बाद एसडीओ संतोष गुप्ता ने कहा कि प्रशासन किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था से समझौता नहीं करेगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने समझदारी और परिपक्वता दिखाते हुए सहमति जताई है। जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी तरह की गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाएं। वहीं एसडीपीओ धनंजय राम ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और अफवाह फैलाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद ग्रामीणों और दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाएगा और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस निर्णय के बाद क्षेत्र में लंबे समय से बना तनाव समाप्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल और मध्यस्थता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed