बिरनी अंचल कार्यालय बना लड़ाई का अखाड़ा खूब चले कुर्सी टेबल
Last Updated on February 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। मंगलवार को बिरनी अंचल कार्यालय अचानक जंग का मैदान बन गया। मामला जमीन विवाद के कागजात की जांच के दौरान दो पक्षों के बीच ऐसी भीषण मारपीट हुई कि पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। गुस्से में बेकाबू लोगों ने कुर्सी-टेबल तक उठा-उठा कर एक-दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे काफी मात्रा में सरकारी संपत्ति भी क्षतिग्रस्त हुई।

जैसा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अंचल निरीक्षक दीनदयाल दास दोनों पक्षों के जमीन संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वंशज होने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े और कार्यालय के अंदर हीं एक दूसरे के साथ मारपीट कर दिए।

बताया जा रहा है कि बालेश्वर यादव और रामदेव यादव के पक्ष के लोगों के बीच यह हिंसक झड़प हुई। घटना के संबंध में अंचल निरीक्षक दीनदयाल दास ने बताया कि स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें किसी तरह अपनी जान बचाकर कार्यालय से बाहर निकलना पड़ा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। मारपीट के बाद दोनों पक्ष के लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चले गए। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना में कितने लोग घायल हुए हैं।

इधर अंचल अधिकारी संदीप कुमार मद्धेशिया के निर्देश के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंचल निरीक्षक ने कहा कि निर्देश मिलते ही दोषियों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी एक सवाल निशान छोड़ गया।
