बिना हेलमेट और लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, सरिया में ₹80,000 का जुर्माना वसूला गया
Last Updated on November 26, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी के संयुक्त नेतृत्व में चला सघन जांच अभियान, चालकों को किया गया जागरूक

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को सरिया प्रखंड में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी के संयुक्त नेतृत्व में हुए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों की जांच की गई।

अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹80,000 का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि हेलमेट का इस्तेमाल केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के समय जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी है। वहीं, वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने की पात्रता और जिम्मेदारी का प्रमाण है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और यातायात नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने और नियमों का पालन करने की अपील की।

संतोष कुमार ने कहा कि नियमों के पालन और जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक कर सड़क हादसों को रोकना है।
