एलआईसी गिरिडीह शाखा में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन, 254 लोगों की हुई जांच

0

Last Updated on November 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

बीमा कर्मचारी संघ, एलआईसी और शार्प साइट आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ शिविर

गिरिडीह। बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल (गिरिडीह बेस) की ओर से भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की गिरिडीह शाखा और शार्प साइट आई हॉस्पिटल, धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 254 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

मोतियाबिंद व दृष्टि दोष की पहचान, दी गई दवाइयां और सलाह

शिविर के दौरान शार्प साइट आई हॉस्पिटल के अनुभवी नेत्र चिकित्सक डॉ. विशाल कुमार मिश्रा तथा उनकी टीम के सदस्यों—निखिल कुमार मंडल, प्रिंस कुमार गुप्ता, नीतीश कुमार और धर्मवीर कुमार—ने लोगों की आंखों की गहन जांच की।

जांच में मोतियाबिंद, निकट दृष्टि दोष, दूर दृष्टि दोष, आंखों में जलन और पानी आने सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान की गई। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि गंभीर नेत्र समस्याओं से ग्रसित लोगों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में आगे की जांच कराने की सलाह दी गई।

“जरूरतमंदों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा देना मुख्य उद्देश्य”

इस अवसर पर बीमा कर्मचारी संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और लोगों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी आयोजन जारी रहेंगे।

वहीं, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. विशाल कुमार मिश्रा ने लोगों को साल में कम से कम एक बार नियमित रूप से आंखों की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए और परेशानी महसूस होते ही तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही सक्रिय भूमिका

शिविर के सफल आयोजन में वरीय शाखा प्रबंधक एसएन भरतुवार, सहायक शाखा प्रबंधक हिमांशु शेखर, संघ के संयुक्त सचिव अनुराग मुर्मू, राजेश कुमार उपाध्याय, सुनील कुमार वर्मा, घनश्याम साव, देवनाथ दास, कुलजीत कुमार रवि, मनोज कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार, अभय कुमार और माहेश्वरी वर्मा सहित एलआईसी के कई अधिकारियों-कर्मचारियों तथा शार्प साइट आई हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम का सराहनीय योगदान रहा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *