आरटीआई से खुलासा: गिरिडीह की यातायात समस्याओं पर नगर निगम की कार्रवाई अधूरी!
Last Updated on November 26, 2026 by Gopi Krishna Verma
आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं पर मांगी गई थी कार्रवाई, कई मामलों में सिर्फ विभागों को पत्र भेजने तक सीमित रहा निगम; सिविल सोसाइटी ने उठाए सवाल

गिरिडीह। शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था, चौक-चौराहों पर अतिक्रमण और सड़क किनारे अव्यवस्थित विद्युत पोल की समस्या को लेकर नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए हैं। सिविल सोसाइटी गिरिडीह की ओर से सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी में सामने आया है कि शहर के आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं पर नगर निगम ने अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की है, लेकिन कई मामलों में कार्रवाई संबंधित विभागों को पत्र भेजने तक ही सीमित नजर आ रही है।

दरअसल, सिविल सोसाइटी ने 3 सितंबर 2026 को पत्रांक 419/2025-26 के माध्यम से नगर निगम प्रशासन को आठ प्रमुख स्थानों की यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की थी। इसके बाद कार्रवाई की वास्तविक स्थिति जानने के लिए संस्था के महासचिव शंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर 2026 को आरटीआई अधिनियम, 2005 के तहत विस्तृत जानकारी मांगी थी।

इसके जवाब में नगर निगम के जन सूचना पदाधिकारी ने पत्रांक 1980, दिनांक 25 नवंबर 2026 के माध्यम से कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराया है।
कई स्थानों पर विभागीय पत्राचार, ठोस समाधान का इंतजार
नगर निगम की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गांधी चौक, पुरानी नगर पालिका कार्यालय के सामने, कालीबाड़ी-बीबीसी रोड टर्निंग और टावर चौक पर विद्युत पोल हटाने अथवा स्थानांतरित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है।

वहीं कालीबाड़ी-चंदौरी रोड टर्निंग पर नाली के पुनर्स्थापन और फल दुकान हटाने तथा बरगंडा चौक स्थित दुर्गा मंडप के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। बड़ा चौक पर दुकान से संबंधित कार्रवाई की जानकारी दी गई है, जबकि कुएं की सुरक्षा के मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दूसरी ओर मुस्लिम बाजार स्थित गद्दी मोहल्ला मोड़ पर हाईमास्ट लाइट को तकनीकी कारणों से स्थानांतरित करना संभव नहीं बताया गया है।

सिविल सोसाइटी ने पूछा- पत्राचार से कब तक चलेगा काम?
आरटीआई से मिली जानकारी के बाद सिविल सोसाइटी ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। संस्था का कहना है कि संबंधित विभागों को पत्र भेज देना ही जनसमस्याओं का समाधान नहीं है। आखिर इन प्रमुख स्थानों पर स्थायी और धरातल पर दिखने वाली कार्रवाई कब होगी?
सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त एवं संबंधित विभागों से सभी आठ स्थानों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराने, लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने, असुरक्षित कुएं को तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित करने और अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। साथ ही तकनीकी बाधा वाले स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।

संस्था के महासचिव शंकर पांडेय ने कहा कि सुरक्षित और सुगम आवागमन नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा से जुड़ा विषय है। संविधान के अनुच्छेद 21 की भावना के अनुरूप नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। केवल विभागीय पत्राचार से प्रशासनिक दायित्व पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो इस मामले को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और विधिसम्मत कानूनी एवं प्रशासनिक कदम भी उठाए जाएंगे।
सिविल सोसाइटी का स्पष्ट संदेश है कि जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का धरातल पर समाधान चाहिए।
