संविधान दिवस पर गिरिडीह समाहरणालय में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन, उपायुक्त रामनिवास यादव ने दिलाई शपथ
Last Updated on November 26, 2026 by Gopi Krishna Verma
जिले के सभी प्रखंडों, अनुमंडलों और सरकारी कार्यालयों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम

गिरिडीह। संविधान दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के अधिकारियों एवं कर्मियों को भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन करवाया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करना चाहिए।

संविधान दिवस के इस अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों, अनुमंडल कार्यालयों एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सामूहिक पठन के दौरान दोहराई गई संविधान की प्रस्तावना:
“हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों कोः सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प होकर अपने इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवंबर 1949 ई (तिथि मार्गशीर्ष, शुक्ल सप्तमी, संवत दो हजार छह विक्रमी) को एतद् द्वारा इस संविधान को अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।”
