गिरिडीह स्टेडियम में खेलों का महाकुंभ शुरू, फुटबॉल से तीरंदाजी तक दम दिखा रहे युवा खिलाड़ी
Last Updated on November 21, 2026 by Gopi Krishna Verma
बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आगाज, डीसी रामनिवास यादव और डीडीसी स्मृता कुमारी ने किया उद्घाटन

गिरिडीह। भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को गिरिडीह स्टेडियम में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और गुलेल समेत विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है। पहले दिन युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव और उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपायुक्त ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे झारखंड के खिलाड़ी : डीसी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल अपनी समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली विरासत से ही नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं से भी है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से हॉकी का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकल रहे हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य एवं देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।
खेल से निखरती है प्रतिभा, युवाओं को आगे बढ़ने का मिलता है अवसर
डीसी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, समर्पण और टीम भावना विकसित करने का भी माध्यम है। युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। निरंतर अभ्यास और लगन से खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कल भी जारी रहेंगी प्रतियोगिताएं
गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित यह खेल प्रतियोगिता दो दिनों तक चलेगी। रविवार को भी विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की सहभागिता भी देखने को मिली।
