खरगडीहा पावर हाउस में विद्युत उपभोक्ता समाधान शिविर आयोजित, दर्जनों मामलों का मौके पर निष्पादन
Last Updated on November 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
बिजली संबंधी विभिन्न शिकायतों के समाधान के लिए उपभोक्ताओं की उमड़ी भीड़, विभाग ने जारी किया शिकायत नंबर

जमुआ। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) की ओर से गुरुवार को खरगडीहा पावर हाउस परिसर में विद्युत उपभोक्ता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के दर्जनों विद्युत उपभोक्ताओं ने पहुंचकर बिजली से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही एक दर्जन से अधिक समस्याओं का निष्पादन किया।

इन समस्याओं को लेकर पहुंचे उपभोक्ता
शिविर के दौरान नया विद्युत कनेक्शन लेने, कम वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर बदलने, जर्जर या क्षतिग्रस्त बिजली के पोल एवं तार, खराब मीटर, गलत बिजली बिल में सुधार तथा मोबाइल नंबर अपडेट कराने से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की।

शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से शिकायत नंबर 8521239030 जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें निर्बाध और बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराना है।

शिविर में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता चंद्रमोहन प्रसाद शर्मा, सहायक अभियंता रामसुंदर राम, बड़ा बाबू संत पाल गुप्ता, रोहित वर्मा, सरफराज आलम, रुस्तम अंसारी, सादिक अंसारी एवं राणा सहित बिजली विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
