गिरिडीह परिसदन में झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति की बैठक, लंबित आपत्तियों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
Last Updated on October 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। परिसदन में झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव और अन्य सदस्यों के परिसदन पहुंचने पर उपायुक्त रामनिवास यादव तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, प्रतिवेदनों एवं लेखा आपत्तियों की विस्तृत समीक्षा की और उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस उच्चस्तरीय बैठक में समिति के सदस्य सह बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, सदस्य सह विधायक बहरागोडा समीर महंती, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी तथा कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी उपस्थित रहे।

नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित सामान्य, सामाजिक, आर्थिक एवं राजस्व प्रक्षेत्रों की लंबित आपत्तियों, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) के प्रतिवेदनों तथा स्थानीय निकायों के वार्षिक तकनीकी निरीक्षण प्रतिवेदन में दर्ज लंबित कंडिकाओं की गहन समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिया कि लोक लेखा समिति से संबंधित लंबित मामलों के प्रभावी अनुश्रवण और त्वरित निष्पादन के लिए प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, वर्ष 2008-09 से 2019-20 तक के कैग प्रतिवेदनों एवं वर्ष 2014-15 के स्थानीय निकायों की आपत्तियों का बिंदुवार परीक्षण कर तेजी से अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
विभागवार समीक्षा और जवाबदेही पर जोर
समिति द्वारा वन, पुलिस, खनन, प्रदूषण, निबंधन, पंचायती राज, उत्पाद, परिवहन, वाणिज्यकर, ऊर्जा, आपूर्ति, भू-अर्जन, नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं सहकारिता सहित अन्य प्रमुख विभागों के मामलों की समीक्षा की गई। सरकारी अभिलेखों और वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आपसी समन्वय मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
