Last Updated on October 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
बस का परमिट जांचने के दौरान चालक, खलासी और स्थानीय लोगों ने किया हमला; एफआईआर दर्ज करने के लिए डुमरी थाना में दिया गया आवेदन

गिरिडीह। जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो टोल प्लाजा पर चेकिंग (Enforcement) के दौरान परिवहन विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों और बस कर्मचारियों द्वारा जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में मोटरयान निरीक्षक (MVI) का सिर फट गया, जबकि जिला परिवहन अधिकारी (DTO) का चश्मा टूट गया और कपड़े फट गए। घटना को लेकर डुमरी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की गई है।
परमिट मांगने पर शुरू हुआ विवाद
आवेदन के अनुसार, जिला परिवहन अधिकारी संतोष कुमार, मोटरयान निरीक्षक शुभम लाल सिंह, सूचना प्रौद्योगिकी सहायक साकेत भारतीय एवं वाहन चालक बालेश्वर मरांडी कुलगो टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
अपराह्न लगभग 4:55 बजे एक बस (पंजीयन संख्या WB51C8298) को रोककर उसके परमिट की मांग की गई। इस बस के मालिक तंजीमा नाग (Tanjima Nag) और चालक वरुण (Driving Licence No.- WB1519970015239) हैं।

लोहे के औजार से हमला, मुश्किल से बचाई जान
जैसे ही टीम ने बस के दस्तावेजों और परमिट की जांच शुरू की, बस का चालक, सह-चालक (खलासी), कुछ यात्री, आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग उग्र हो गए। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पूरी टीम पर अचानक हमला कर दिया।
- MVI के सिर पर लगा कड़ा औजार: उपद्रवियों ने मोटरयान निरीक्षक शुभम लाल सिंह के सिर पर किसी कड़े औजार से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर पर गहरी चोट आई।
- DTO का चश्मा टूटा, कपड़े फटे: जिला परिवहन अधिकारी संतोष कुमार पर भी हमला किया गया, जिससे उनका चश्मा टूट गया और कपड़े फट गए।
- टीम के अन्य दो सदस्यों के साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की गई।
अधिकारियों ने किसी तरह गाड़ी में बैठकर अपनी जान बचाई और मौके से निकले।

CCTV में कैद हुई वारदात, FIR की मांग
परिवहन अधिकारी ने बताया कि पूरी वारदात कुलगो टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। इसके अलावा अधिकारियों के मोबाइल में भी घटना के कुछ दृश्य और तस्वीरें दर्ज हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डुमरी थाना में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। आवेदन पर जिला परिवहन अधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, IT सहायक और चालक के हस्ताक्षर हैं।




