Last Updated on August 24, 2026 by Gopi Krishna Verma
कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने, प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के निर्देश

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कृषि विभाग एवं आत्मा (ATMA) के माध्यम से संचालित गतिविधियों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आत्मा शासकीय निकाय की गत बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कृषकों के ज्ञानवर्धन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित Inter-State Exposure Visit की प्रगति पर चर्चा की गई। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में प्रखंडों से कृषकों को ICAR-National Rice Research Institute (NRRI), कटक, ओडिशा सहित अन्य कृषि संस्थानों के भ्रमण के माध्यम से उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। उपायुक्त ने ऐसे प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों को अधिक उपयोगी एवं परिणामपरक बनाने पर बल दिया।

उपायुक्त ने जिला स्तरीय कृषि मेला, अनुमंडल कृषि प्रक्षेत्र एवं पंचबा में आयोजित कृषि संबंधी गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने किसानों तक कृषि योजनाओं, उन्नत तकनीक, जैविक एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों की जानकारी सरल एवं प्रभावी माध्यम से पहुंचाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान प्रचार-प्रसार एवं Low Cost Publication के तहत तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी लिफलेट एवं बुकलेट के वितरण की जानकारी ली गई। इनमें जीवामृत एवं बीजामृत तैयार करने की विधि, जैविक कृषि तकनीक, कीटनाशक प्रबंधन एवं नीम आधारित कीटनाशक आदि विषय शामिल हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसानों के लिए उपयोगी तकनीकी सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे स्थानीय स्तर पर वैज्ञानिक एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों को अपना सकें।


बैठक में जिले के सात प्रखंडों में आयोजित इकाई कृषक गोष्ठियों की भी समीक्षा की गई। साथ ही वर्ष 2025-26 में कृषि प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक प्रखंड में हाइब्रिड मूंग के प्रत्यक्षण तथा कृषि सहायकों के माध्यम से सब्जी प्रत्यक्षण की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि कृषि प्रत्यक्षण कार्यक्रमों का नियमित अनुश्रवण करते हुए सफल तकनीकों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए। बैठक में आत्मा लेखापाल के रिक्त पद एवं इसके कारण उत्पन्न प्रशासनिक कार्यों से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पद की व्यवस्था एवं संस्थागत कार्यों के सुचारू संचालन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा आवंटन के अभाव में प्रभावित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई एवं समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि कृषि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी का प्रत्यक्ष लाभ जिले के किसानों तक पहुंचे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, कृषक प्रशिक्षण, कृषि प्रत्यक्षण एवं विभागीय गतिविधियों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित कृषि विभाग एवं आत्मा से संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




