Last Updated on July 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा नीति आयोग के सहयोग से जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए NITI TARA प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन

गिरिडीह। गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा नीति आयोग के सहयोग से जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए NITI TARA (Toolkit for Analysis, Review & Action) प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को आधुनिक डिजिटल शासन प्रणाली, डेटा-आधारित योजना निर्माण तथा विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए सक्षम बनाना था।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सुशासन एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीक एवं साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। NITI TARA प्लेटफॉर्म नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो वास्तविक समय के आंकड़ों के आधार पर योजनाओं की समीक्षा, प्रगति की निगरानी तथा त्वरित निर्णय लेने में प्रशासन को सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के तहत विकास कार्यों में और अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही तथा गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित किए जा सकेंगे।

उपायुक्त ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक रूप से उपयोग करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्ध समीक्षा तथा जनहितकारी सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित कार्य संस्कृति अपनाकर विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को NITI TARA प्लेटफॉर्म, डिवाइस एवं पोर्टल का विस्तृत परिचय एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही रियल-टाइम डैशबोर्ड, भू-स्थानिक (Geospatial) योजना उपकरणों, AI-सक्षम बैठक कार्यवृत्त (Meeting Minutes) तैयार करने की सुविधा तथा ज्ञान संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, आईएएस प्रशिक्षु, जिला योजना पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




