Last Updated on July 6, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शहर के सर जेसी बोस मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्रा दीपशिखा कुमारी ने भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की CA फाउंडेशन परीक्षा में 400 में 233 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने दीपशिखा को मिठाई खिलाकर और बुके भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हर कदम पर दीपशिखा के साथ खड़ा रहेगा और उसकी आगे की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करेगा।दीपशिखा की सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी है। कक्षा 7 में पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपने पिता को एक सड़क दुर्घटना में खो दिया था। इसके बाद उनकी माँ ने कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारी संभाली और तीनों बच्चों की शिक्षा जारी रखी।

दीपशिखा ने कहा, “पिता के निधन के बाद मेरी माँ ने मेरे, मेरे भाई और बहन के पालन-पोषण के लिए बहुत मेहनत की। कई कठिनाइयों के बावजूद मुझे हमेशा विश्वास था कि शिक्षा हमारी परिस्थितियों को बदल सकती है।”उन्होंने वर्ष 2025 में कक्षा 12 की परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। पहले प्रयास में असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में CA फाउंडेशन परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी गलतियों से सीखा और पहले से अधिक मेहनत की।”
विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि दीपशिखा की सफलता सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा, “दीपशिखा ने अपनी कड़ी मेहनत से परिवार, विद्यालय और गिरिडीह का नाम रोशन किया है। मेहनत ही सफलता का एकमात्र विकल्प है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने दीपशिखा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपशिखा ने अब CA इंटरमीडिएट के लिए पंजीकरण करा लिया है और मई 2027 में होने वाली परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं।




